Thursday, October 15, 2026
Latest:
उत्तराखंडअपराधदेश-दुनियामुद्दा

इंडिया गेट पर रातभर धरना-प्रदर्शन के बाद अंकिता भंडारी के माता-पिता और कांग्रेस सांसदों समेत कई हिरासत में, उत्तराखंड में आज शाम कांग्रेस का मशाल जुलूस

नई दिल्ली/देहरादून। भाजपा के पूर्व उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में इंडिया गेट के बाहर बुधवार अपराह्न से धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने तड़के हिरासत में ले लिया। कांग्रेस के कई नेताओं के साथ ही अन्य प्रदर्शनकारी भी हिरासत में ले लिए गए हैं। हालांकि, अंकिता के माता-पिता को एक-डेढ़ घंटे बाद छोड़ दिया गया, लेकिन कांग्रेस नेता सुबह तक पुलिस हिरासत में ही थे। इस बीच, उत्तराखंड में कांग्रेस ने वीरवार (आज) शाम सभी जिला, ब्लॉक व न्याय पंचायत मुख्यालयों के साथ ही सभी शहरों में मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर हुई नियुक्ति रद् करने की मांग को लेकर शुरू किया था धरना, राहुल-प्रियंका भी बैठे देर रात तक

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में पिछले चार साल से ‘वीआईपी’ के खुलासे के लिए अंकिता भंडारी के माता-पिता निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। वे भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम पर भी आरोप लगा रहे हैं। भाजपा नेता गौतम को बीते 12 अक्तूबर को सिक्किम का राज्यपाल मनोनीत किए जाने से व्यथित अंकिता की माता सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी बुधवार अपराह्न परी फॉर इंडिया की संस्थापक व सोशल एक्टिविस्ट योगिता भयाना के साथ इंडिया गेट के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

देर शाम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी इंडिया गेट पहुंचे और अंकिता के माता-पिता उनके साथ काफी देर धरने पर बैठे। देर रात राहुल-प्रियंका के जाने के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी व सुप्रिया श्रीनेत के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस व अन्य दलों के कार्यकर्ता, सोशल एक्टिविस्ट व युवा वहां धरना-प्रदर्शन में बैठे।

तड़के हुई पुलिस कार्रवाई, कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, सुप्रिया श्रीनेत हिरासत में

रातभर चले धरना-प्रदर्षन के बाद तड़के करीब पौने 4 बजे भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान इंडिया गेट पहुंचे और अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी व पिता वीरेंद्र भंडारी के साथ ही कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, सुप्रिया श्रीनेत व सोशल एक्टिविस्ट योगिता भयाना समेत बड़ी संख्या में धरना-प्रदर्षन में शामिल लोगों को हिरासत में ले लिया।

फफकते हुए अंकिता की मां का ऐलान, दुष्यंत की नियुक्ति रद्द होने तक करेंगी संघर्ष, बाहर रोका तो घर में ही शुरू करेंगी भूख हड़ताल

इस दौरान अंकिता की मां सोनी देवी फफक पड़ीं और मीडिया से कहा कि जब तक दुष्यंत गौतम की राज्यपाल के रूप में की गई नियुक्ति रद्द नहीं की जाती, वे संघर्ष जारी रखेंगी। यदि उन्हें कहीं बैठने नहीं दिया गया, तो वे अपने घर में ही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगी। वहीं, पवन खेड़ा व इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि अंकिता भंडारी के लिए न्याय की लड़ाई जारी रखी जाएगी। जैसा अंकिता के माता-पिता चाहेंगे, कांग्रेस उसी तरह संघर्ष करेगी। उन्होंने दुष्यंत को राज्यपाल बनाए जाने की आलोचना करते हुए इसे रद्द करने की भी मांग की।

गोदियाल का आज शाम मशाल जुलूस निकालने का आह्वान, कहा- इस मामले में संघर्ष जारी रखेगी पार्टी

वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड प्रदेष कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेष गोदियाल ने आज शाम राज्य की राजधानी के साथ ही सभी जिला, ब्लॉक व न्याय पंचायतों के साथ ही शहरी व अर्द्धषहरी क्षेत्रा में मशाल जुलूस अथवा कैंडल मार्च निकालने का पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है। गोदियाल ने कहा कि पार्टी की यह मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक कि दुष्यंत की नियुक्ति रद्द नहीं हो जाती। पार्टी जल्द ही आगे के कार्यक्रमों का भी ऐलान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *