Tuesday, October 13, 2026
Latest:
उत्तराखंडगढ़वाल मंडल

जोशीमठ के सिंहधार में भालू ने घर में घुसकर गाय को मारा, बचाने आए परिवार के चार लोगों को बुरी तरह किया जख्मी

जोशीमठ। भारत-चीन सीमा से पहले बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर स्थित इस बड़े और सर्वाधिक महत्वपूर्ण नगर में पिछले कुछ वर्ष से लोग भालू के आतंक से सहमे हुए हैं। बेखौफ भालू घरों में घुसकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। मंगलवार तड़के भालू ने घर में घुसकर गाय को जान से मार डाला और एक ही परिवार के चार लोगों को हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

घटना तड़के करीब तीन बजे सिंहधार वार्ड में हुई। यहां करीब 36 वर्षीय बिंदेश परिवार के साथ रहते हैं। घर के ही एक हिस्से में परिवार ने गोशाला बनाई हुई है, जहां उनके मवेशी बंधे थे। तड़के करीब 3 बजे गए के रंभाने की आवाजें आईं, तो बिंदेश और उनकी मां गोशाला में पहुंचे।

वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। गोशाला में भालू घुसा था, जिसने गाय को मार डाला था। दोनों ने शोर-शराबा करते हुए भालू को भगाने का प्रयास किया तो भालू उन पर झपट पड़ा। मां-बेटे बुरी तरह जख्मी हो गए। इस बीच परिवार के अन्य लोग भी वहां पहुंचे तो भालू ने उन्हें भी जख्मी कर दिया।

चार लोगों को जख्मी करने के बाद भालू आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर मौके से भाग गया। लोग चारों जख्मियों को उपचार के लिए जोशीमठ सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। भालू ने उनके चेहरे, हाथ और पैरों को जख्मी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *