आपदा प्रबंधनउत्तराखंडऑपरेशंस

बरसात की घनघोर रात…नदियों का रौद्र उफान…दो रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाए गए 6 छात्रों समेत 8 लोग

देहरादून/ऋषिकेश। जंगल का इलाका। लगातार मूसलाधार बारिश। रात का घनघोर अंधेरा। भीषण गर्जना के साथ उफान मारती नदी। ऐसे कठिन हालात में फंसे 6 छात्रों समेत 8 लोगों को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर लिया। छात्र पछवादून के जंगल में फंसे थे और अन्य दो व्यक्ति परवादून के निकट वाहन समेत नदी में जा गिरे थे।

पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी के छात्र गए थे ट्रैकिंग पर, स्वारना का जलस्तर बढ़ने से फंसे जंगल में

सोमवार को विधौली स्थित पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी (UPES) के 6 छात्र ट्रैकिंग के लिए। थान गांव (मिसरास पट्टी) क्षेत्र में गए थे। वापस आते समय अचानक हुई तेज बारिश के कारण स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे छात्र जंगल में ही फंस गए। इसबीच रात भी हो गई। सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। नदी का उफान और विकट हालात देखते हुए एसडीआरएफ को सूचना दी गई। डाकपत्थर से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। दुर्गम क्षेत्र और बढ़े हुए जलस्तर के कारण रेस्क्यू टीम ने लगभग 6 किलोमीटर पैदल कर छात्रों तक पहुंच बनाई।

बांस-बल्लियों और रस्से के सहारे सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया

छात्रों तक पहुंचने के बाद एसडीआरएफ ने बांस और बल्लियां लगाकर उफनती नदी को पार करने का इंतजाम किया। इसके बाद बाँस-बल्ली और रस्सों के सहारे एक-एक कर सभी छात्रों को सकुशल रेस्क्यू कर पुलिस और यूपीईएस प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया। कुछेक छात्र इस दौरान काफी घबरा गए थे, जो बाद में सामान्य हो गए।

ऋषिकेश के निकट उफनाती बीन नदी में वाहन पलटने से फंसे लोगों को निकलने के लिए चला ऑपरेशन

दूसरी ओर ऋषिकेश के निकट यमकेश्वर क्षेत्र में बहने वाली बीन नदी में रात करीब 9:15 बजे एक मैक्स वाहन पलट गया। उसमें चालक समेत दो व्यक्ति सवार थे। नदी भीषण उफान पर थी। पशुलोक बैराज पुलिस चौकी ने सूचना एसडीआरएफ को दी। सूचना पर ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के साथ रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को वाहन से सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन, दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर ही फंसा हुआ था।

चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए बुलानी पड़ी एसडीआरएफ की एक और टीम

बीन नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा होने के कारण वाहन बहाव में कुछ दूरी तक नीचे चला गया था, जिससे रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवाण के साथ एसडीआरएफ की दूसरी टीम भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दोनों टीमों ने समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया। दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *