खाई में लटकी कार से महिला सुरक्षित निकाली, पति का शव 300 मीटर नीचे मिला, बदरीनाथ से लौट रहे थे महाराष्ट्र निवासी दंपति
चमोली। बदरीनाथ से चमोली की ओर आ रही कार बिरही के समीप बड़ा चाड़ा में अनियंत्रित होकर खाई की ओर लटक गई। उसमें सवार महाराष्ट्र के नागपुर निवासी युवक की करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरने से मौत हो गई, जबकि कार में फांसी उसकी पत्नी को रेस्क्यू कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के कार (MH 31CM 6183) सवार दंपति बदरीनाथ से चमोली की ओर लौट रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होने से खाई की तरफ आधा लटक गई। अचानक लगे झटके से गाड़ी चला रहा युवक छिटककर खाई में गिर गया, जबकि उसकी पत्नी कार में ही फंसी रही। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने खाई की ओर लटकी गाड़ी में फंसी युवती को सुरक्षित निकालकर पास के होटल में भिजवाया। साथ ही खाई में गिर उसके पति की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया।

करीब पौने 7 बजे डीसीआर से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश की। काफी देर की सर्चिंग के बाद एसडीआरएफ को करीब 300 मीटर नीचे उफनती नदी के किनारे उक्त युवक का शव मिल गया। कड़ी मशक्कत के बाद शव को रोप व बॉडी बैग के माध्यम से ऊपर मुख्य मार्ग पर पहुंचाकर एसडीआरएफ ने चमोली पुलिस के सुपुर्द किया। एसडीआरएफ के अनुसार, मृत युवक की पहचान नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी 30 वर्षीय अनूप पुत्र पुरुषोत्तम के तौर पर हुई है। रेस्क्यू की गई अनूप की पत्नी तृप्ति सुरक्षित है।

