एसएसपी ने पूरी चौकी कर दी सस्पेंड, होली पर शराब पीने का निमंत्रण पड़ा भारी, जांच के आदेश
पौड़ी। होली के मौके पर श्रीनगर की बाजार चौकी के समूचे स्टाफ का त्योहारी रंग और उमंग फीके पड़ गए हैं। बाजार चौकी के कुछ कर्मियों का होली पर शराब के लिए निमंत्रण संबंधी ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसका संज्ञान लेते हुए पौड़ी के एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने पूरी श्रीनगर बाजार चौकी को सस्पेंड कर दिया है।
वायरल ऑडियो क्लिप का लिया संज्ञान, सभी होमगार्ड्स पर भी हुआ एक्शन

एसएसपी ने बताया कि श्रीनगर बाजार चौकी के कुछ कर्मियों का होली के पर्व पर मदिरा सेवन करने के संबंध में आमंत्रण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसका संज्ञान लेकर प्रथमदृष्टया बाजार चौकी के सभी कर्मियों को सस्पेंड करके लाइन हाजिर किया गया है। उन्होंने बताया कि चौकी में तैनात सभी होमगार्ड को भी होमगार्ड के जिला कमांडेंट को वापस कर दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। वीडियो क्लिप को भी रिट्रीव कर लिया गया है। जिसने ऑडियो क्लिप वायरल किया है, उसका पता लगा कर कार्रवाई की जाएगी।

