छात्र-युवाज्ञानपथस्कूल

उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट घोषित, इंटर में जसपुर की तनु चौहान और हाईस्कूल में कंडीसौड़ के सुशांत टॉपर

रामनगर। उत्तराखंड बोर्ड ने इस वर्ष की 10वीं और 12वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। हाईस्कूल में 85.17 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें 81.48 फीसद छात्र और 88.94 फीसद छात्राएं हैं। इंटरमीडिएट में कुल 80.98 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए हैं। इंटर में छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 78.48 और छात्राओं का 83.49 रहा। 10वीं में बीएचएसवीएम कंडीसौड़ छाम (टिहरी) के सुशांत चंद्रवंशी ने कुल 500 में से 495 अंक (99 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है। इंटरमीडिएट में टॉपर सरस्वती विद्या मंदिर जसपुर की तनु चौहान रहीं। तनु ने कुल 500 में से 488 (97.60 प्रतिशत) अंक प्राप्त किए।

परीक्षा परिणाम बोर्ड मुख्यालय में सभापति व माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी और राजधानी में शिक्षामंत्री धन सिंह रावत व शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जारी किया। इस वर्ष कुल 2 लाख 59 हजार 439 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 1 लाख 32 हजार से ज्यादा 10वीं में और 1 लाख 27 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

इंटरमीडिएट में जीजीआईसी चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) की हिमानी ने कुल 500 में से 488 (97 प्रतिशत) और एसवीएम इंटर कॉलेज सितारगंज के राज मिश्रा ने 500 में से 483 (96.60 प्रतिशत) अंकों के साथ संयुक्त श्रेष्ठता सूची (टॉपर लिस्ट) में क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी तरह हाईस्कूल में एसवीएमआईसी (आवास विकास) ऋषिकेश के आयुष सिंह रावत एसवीएमआईसी रूद्रपुर के रोहित पांडे ने 500 में से 494 अंक (98.80 प्रतिशत) लेकर संयुक्त रूप से द्वितीय और बीएसएसवीएम कंडीसौड़ छाम टिहरी की शिल्पी और तुलाराम विद्यामंदिर, काशीपुर के शौर्य ने संयुक्त रूप से 500 में से 493 अंक (98.60 प्रतिशत) अंक लेकर मेरिट में तीसरा स्थान प्राप्त किया। शिल्पी बालिकाओं की श्रेष्ठता सूची में टॉपर रहीं।
10वीं में रूद्रप्रयाग और 12वीं में अल्मोड़ा जिला टॉपर
बोर्ड परीक्षा के परिणाम के आधार पर राज्य के सभी 13 जिलों में अल्मोड़ा ने इंटरमीडिएट में श्रेष्ठता हासिल की है। कुल 87.33 प्रतिशत रिजल्ट के साथ अल्मोड़ा प्रदेशभर में पहले स्थान पर रहा। इसी तरह हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम के मामले में रूद्रप्रयाग जिले ने बाजी मारी। रूद्रप्रयाग जिला कुल 91.67 प्रतिशत रिजल्ट के साथ पहले स्थान पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *