जी-20 के लिए पहुंचे विदेशी मेहमान छोलिया नर्तकों संग थिरके
देहरादून। नरेंद्रनगर में 25 से 27 मई तक आयोजित होने जा रही जी-20 बैठक के लिए विदेशी मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

मंगलवार सुबह विदेशी डेलिगेट्स का एक ग्रुप जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा, जहां उनका पारंपरिक रूप से तिलक कर व माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान छोलिया नृत्य की पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर प्रस्तुति दे रहे कलाकारों को देखकर डेलिगेट्स खुद को नहीं रोक पाए और महिलाओं के साथ ही पुरुष डेलिगेट्स ने भी उत्तराखंड के गीत-संगीत पर कलाकारों संग सुंदर नृत्य किया। सभी मेहमान एयरपोर्ट पर हुई मेहमाननवाजी से काफी खुश व अभिभूत नजर आए। इसके बाद इन सभी को नरेंद्रनगर में जहां जी-20 के मुख्य आयोजन हैं, वहां ले जाया गया।


