प्रेमनगर क्षेत्र के इस गांव में क्लोरीन गैस के रिसाव से मची अफरा-तफरी, रेस्क्यू टीमों ने घरों को कराया खाली
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के झाझरा में मंगलवार तड़के क्लोरीन गैस का रिसाव होने से अफरातफरी फैल गई। सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत के साथ लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ने लगे। ये रिसाव एक प्लॉट में काफी संख्या में रखे पुराने क्लोरीन सिलेंडरों से हुआ।

सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने हालत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और फायर सर्विस की यूनिटों को भी मौके पर बुला लिया। एसएसपी अजय सिंह ने खुद मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन का संचालन किया। रेस्क्यू टीमों ने आसपास का इलाका खाली करवा लिया और सिलेंडरों को दूर ले जा कर डंप किया जा रहा है।
तड़के तीन बजे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन होने पर चला रिसाव का पता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के तीन बजे के आसपास झाजरा क्षेत्र के लोग इस वक्त सोए हुए थे, लेकिन सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और उलटी सी सी महसूस होने पर उनकी नींद खुलने के साथ ही अफरातफरी फैल गई। असहज करने वाली किसी गैस के रिसाव का अंदेशा होते ही लोगों ने इसकी सूचना थाना प्रेमनगर को दी। प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची, तो पाया कि ये रिसाव एक खाली प्लॉट में रखे क्लोरीन गैस के सिलेंडरों से हो रहा है। इस पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम भी बुला ली गईं। एसडीआरएफ की सीबीआरएन (कैमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल, न्यूक्लियर) यूनिट के विशेषज्ञ भी मौके बुलाए गए।
खाली प्लॉट में रखे गए थे क्लोरीन गैस के सिलेंडर, पुलिस जुटी जांच में
रेस्क्यू टीमों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आसपास के क्षेत्र में स्थित घरों से लोगों को निकल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पूरा क्षेत्र खाली करने के बाद मौके से सिलेंडरों को हटाकर अन्यत्र डंप करने की कार्रवाई शुरू की गई। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उक्त खाली प्लॉट में क्लोरीन गैस सिलेंडरो को किन कारणों से और किसने रखा था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

