उत्तराखंड में पांच दिन बारिश और हिमपात का अलर्ट, चारधाम यात्रियों के लिए एडवायजरी जारी
देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार 29 अप्रैल से मौसम खराब रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यही नहीं चारधाम समेत 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात होगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चारधाम यात्रियों के लिए एडवायजरी जारी करते हुए उन्हें खास सतर्कता बरतने को कहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने जारी किए गए अलर्ट में कहा है कि 29 अप्रैल से 3 मई तक उत्तराखंड में मौसम खराब रहेगा और बारिश में वृद्धि होगी। 29 अप्रैल से 1 मई तक राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम तक बारिश होगी। इसके अलावा ओलावृष्टि, आंधी आने और बिजली गिरने की भी आशंका है। 2 और 3 मई को यह सिलसिला और तेज होगा। राज्य के अधिकांश स्थानों पर उक्त दो दिन बारिश होगी।
चारधाम में पड़ेगी तीन फीट तक बर्फ, शून्य से नीचे रहेगा तापमान
मौसम केंद्र के निदेशक के अनुसार, चारधाम समेत उच्च हिमालयी क्षेत्र (3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई) में 30 मई से हिमपात होगा। इस अवधि में उक्त क्षेत्रों में 2 से 3 फीट तक बर्फ पड़ेगी। इससे चारधाम में रात्रि का तापमान शून्य से नीचे और दिन में शून्य से एक-दो डिग्री तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से चारधाम यात्रियों के लिए जारी एडवायजरी में कहा गया है कि यात्री यदि चारधाम जा रहे हैं तो पूरी तैयारी के साथ जाएं। संभव हो तो बुजुर्ग और बच्चे यात्रा से परहेज करें। यदि यात्री रास्ते में हों और थंडरस्ट्रॉम वाली स्थिति उत्पन्न हो, तो वे जहां हैं, वहीं सुरक्षित स्थान देख कर रुक जाएं। इसके साथ ही किसानों को फसल जल्द से जल्द संभालने और पशुपालकों को उच्च हिमालयी क्षेत्र में जाने से बचने की सलाह भी दी गई है।

