प्रधानमंत्री ने प्रदेशभर की 4200 करोड़ की परियोजनाओं का पिथौरागढ़ से किया लोकार्पण और शिलान्यास
पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार दोपहर यहां आयोजित समारोह में प्रदेशभर की 4200 करोड़ रूपये की 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 21 हजार 398 पॉलीहाउस का निर्माण, उच्च घनत्व वाले सघन सेब बागानों की योजना, राष्ट्रीय राजमार्गों पर डबल लेन और ढलान उपचार के पांच कार्य, 32 पुलों का निर्माण, एसडीआरएफ के तहत अग्नि सुरक्षा बुनियादी ढांचे और बचाव उपकरणों का सुदृढ़ीकरण, देहरादून में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का अपग्रेडेशन, नैनीताल के बलियानाला में भूस्खलन की रोकथाम के लिए उपचार, 20 मॉडल डिग्री कॉलेजों में हॉस्टल और कंप्यूटर लैब का निर्माण, अल्मोड़ा के सोमेश्वर में 100 बेड का उपजिला अस्पताल, चंपावत में 50 बेड के अस्पताल ब्लॉक का निर्माण, रूद्रपुर में वेलो-ड्रोम निर्माण कार्य, स्पोर्ट्स स्टेडियम, हल्द्वानी में एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान का निर्माण, चारधाम की भांति मानसखंड के मंदिर क्षेत्रों का विकास, मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत जागेश्वर धाम, हाट कालिका व नैना देवी मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं का विकास शामिल हैं।
मोदी ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया उनमें पीएमजीएसवाई के तहत 76 सड़कें, पीएमजीएसवाई के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 25 पुल, नौ जिलों में 15 ब्लॉक कार्यालय भवन, केंद्रीय सड़क निधि के अंतर्गत तीन सड़कों का सुदृढ़ीकरण कार्य, कौसानी-बागेश्वर रोड, धारी-डोबा-गिरेचिना रोड, नगला-किच्छा एसएच रोड डबल लेन, राष्ट्रीय राजमार्गों को 2 लेन और सुदृढ़ीकरण करने का कार्य, एनएच 309 बी अल्मोड़ा-पेट्सल-पनुआनौला-दन्या, एनएच टनकपुर-चल्थी, प्रदेश में 39 पुल वं देहरादून में यूएसडीएमए भवन, 38 ग्रामीण पंपिंग पेयजल योजनाएं और तीन ट्यूबवेल आधारित पेयजल योजनाएं, 419 ग्रामीण ग्रेविटी पेयजल योजनाएं, पिथौरागढ़ के थरकोट में कृत्रिम झील, 132 केवी पिथौरागढ़-लोहाघाट-चंपावत ट्रांसमिशन लाइन के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मोदी ने थपथपाई पीठ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने अपनी यात्रा पर उत्तराखंड के लोगों से मिले अभूतपूर्व प्यार, स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। मोदी ने कहा कि यह स्नेह की गंगा बहने की तरह था। उन्होंने कहा, जब भी मैं आपके बीच उत्तराखंड में होता हूं, हमेशा खुद को धन्य समझता हूं। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा, हमारी सरकार उत्तराखंड के लोगों की प्रगति और जीवन को आसान बनाने के लिए पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ काम कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड के साथ अपने लंबे जुड़ाव और निकटता को याद किया। नारीशक्ति वंदन अधिनियम के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने राज्य से मिले समर्थन और प्रतिक्रिया का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों की पूरी लगन से तैयारी करने के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं दीं।
गांव छोड़ चुके लोगों को वापस लाना हमारा प्रयासः पीएम
प्रधानमंत्री नेे कहा, सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास, सरकार की प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में नई सेवाओं का तेजी से विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रहे अवसंरचना विकास के बारे में बात करते हुए कहा, न तो न्यू इंडिया किसी चीज से डरता है, न ही यह दूसरों में डर पैदा करता है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में सीमावर्ती क्षेत्रों में 4,200 किमी से अधिक सड़कें, 250 पुल और 22 सुरंगें निर्मित की गई हैं। रेलवे को सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवंत ग्राम योजना ने देश के आखिरी गांवों को पहले गांवों में बदल दिया है। उन्होंने कहा, हमारा प्रयास उन लोगों को वापस लाना है, जो इन गांवों को छोड़ चुके हैं। हम इन गांवों में पर्यटन बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पानी, दवा, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के संदर्भ में अतीत की गलत नीतियों के कारण लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। उत्तराखंड में इन क्षेत्रों में नई सुविधाओं और अवसंरचनाओं का निर्माण हो रहा है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केदारखंड में मंदिरों और पौराणिक स्थलों का विकास हो रहा है, उसी तरह अब उनकी मानसंखंड की यात्रा से इस क्षेत्र का भी संपूर्ण विकास सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को नारायण आश्रम की प्रतिकृति, ऐपण स्टॉल और ‘बोधिसत्व विचार श्रृंखला-एक नई सोच, एक नई पहल’ पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, कृषि मंत्री गणेश जोशी, शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, वनमंत्री सुबोध उनियाल, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय टम्टा आदि मौजूद रहे।

