ऋषिकेश में सरेआम गुंडई कर दहशत फैलाने वाले चारों छात्रों को पुलिस ने दबोचा
ऋषिकेश। सरेआम फायरिंग और हॉकी स्टिक व स्टंप से स्थानीय निवासी पर जानलेवा हमला करते हुए व्यस्त सड़क पर गुंडागर्दी करने वाले चारों युवकों को पुलिस ने टिहरी जिले में बदरीनाथ हाईवे स्थित तीनधारा क्षेत्र से धर-दबोचा। उनसे हथियार व हॉकी स्टिक भी बरामद कर ली गई है। घअना से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धर-पकड़ की।
स्थानीय व्यक्ति पर किया था जानलेवा हमला
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार को कोतवाली #ऋषिकेश में चंद्रेश्वर नगर निवासी दीपक जायसवाल तहरीर देकर बताया कि वह रात में मंडी से सब्जी खरीदकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी चंद्रभागा पुल के पास खडी एक कार की पिछली सीट पर बैठे युवक ने शीशा खोलकर बाहर की ओर बिना देखे ही थूक दिया। यह थूक दीपक पर गिरा। जब दीपक ने उसे ऐसा करने के लिए टोका, तो उसने और गाड़ी में बैठे उसके साथियों ने गाली-गलौच करते हुए हॉकी, लोहे की रॉड, स्टंप और पिस्टल से उस पर हमला कर दिया और जान से मारने की नीयत से उस पर फायर किया। हवा में पिस्टल और हॉकी-डंडे लहराते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमले और फायरिंग का वीडियो हुआ वायरल, एसएसपी ने दिखाई सख्ती
इस बीच, किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सरेआम भीड़भरे बाजारी क्षेत्र में फायरिंग और गुंडई करते युवाओं का वीडियो वायरल होते ही पुलिस और शासन तक हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी अजय सिंह ने भी ऋषिकेश के कोतवाल और संबंधित चौकी प्रभारी को चंद घंटों का अल्टीमेटम स्ट्रीट क्राइम करने वालों का पता लगाकर गिरफ्तारी करने के लिए दिया और ऐसा न होने पर दोपहर 12 बजे लाइन हाजिर होने को कहा। इसके बाद हरकत में आई ऋषिकेश पुलिस ने गाड़ी नंबर और सीसीटीवी फुटेज और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की वॉक्सवैगन पोलो कार के श्रीनगर गढवाल की ओर जाने का पता लगा लिया। इसके बाद एक टीम को बदरीनाथ हाईव पर श्रीनगर गढ़वाल की ओर रवाना किया गया, जिसने उक्त चारों हमलावरों को तीनधारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनसे 2 हॉकी स्टिक और 1 स्टंप बरामद किया गया।
यूपी और राजस्थान के रहने वाले हमलावर गढ़वाल विवि में हैं छात्र
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान 21 वर्षीय समरजीत तेवतिया पुत्र सुबोध कुमार तेवतिया निवासी शिवाजीनगर पिलखुवा ढोलना, थाना पिलखुवा, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश, 24 वर्षीय हिमांशु पुत्र सतीश निवासी ग्राम तुमडैल गिरधरपुर, थाना हापुड़, उत्तर प्रदेश, 23 वर्षीय दिलीप भुरान पुत्र कालूराम भुरान निवासी ग्राम मुंडावर थाना नारायणपुर जिला अलवर, राजस्थान और 23 वर्षीय रियांश ढाका पुत्र भानु प्रताप ढाका निवासी कांता कथूरिया कॉलोनी थाना जय नारायण व्यास कॉलोनी जिला बीकानेर, राजस्थान के तौर पर हुई है। चारों श्रीनगर स्थित गढ़वाल विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। अपने घरों से श्रीनगर जाते वक्त ऋषिकेश में थूकने को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने पिस्टल और हॉकी स्टिक आदि से हमला कर दिया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में प्रयुक्त पिस्टल के संबंध में पुलिस को समरजीत ने बताया कि उसके पास देसी पिस्टल व कारतूस थे। इसी पिस्टल से उसने फायरिंग की थी। फायरिंग करने के बाद उसने डर के कारण पिस्टल और कारतूस चंद्रभागा पुल से 200 मीटर आगे एक कूड़ेदान के पास फेंक दिए थे। पुलिस के अनुसार, समरजीत की निशानदेही पर उक्त देसी पिस्टल व 3 जिंदा कारतूस को चन्द्रभागा पुल के पास से बरामद कर लिया गया। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अलग से भी मुकदमा दर्ज किया जा गया है।

