हल्द्वानी के वनभूलपुर में कर्फ्यू लागू, दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद भड़के बवाल में फूंके कई वाहन, पुलिसकर्मी घायल
हल्द्वानी। नगर के वनभूलपुरा क्षेत्र में भारी बवाल हो गया है। डीएम ने देर शाम हल्द्वानी में उपद्रव प्रभावित वनभूलपुरा क्षेत्र में कर्फ्यू लागू करने के साथ ही दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए हैं। यह बवाल उस वक्त हुआ, जब प्रशासन और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम प्रशासन ने क्षेत्र में स्थित एक बगीचे में बनाए गए धार्मिक स्थल को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। नगर निगम उक्त करीब चार एकड़ भूमि को सरकारी बताते हुए धार्मिक स्थल को अवैध करार देकर पहले ही सील कर चुका था।

हल्द्वानी में शुक्रवार को सभी स्कूलों में एहतियात के तौर पर अवकाश घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और डीजीपी अभिवन कुमार के साथ देर शाम हालात की समीक्षा की और अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं।
सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए भीड़ ने जमकर पथराव किया और कई वाहनों को फूंक दिया है। बनभूलपुरा थाने में भी आगजनी की गई। कई पुलिसकर्मी पथराव में घायल हुए हैं। रात तक बवाल जारी था और उपद्रवियों से निपटने के लिए अन्य जिलों का फोर्स भी हल्द्वानी बुला लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन और पुलिस के साथ नगर निगम की टीम दोपहर ध्वस्तीकरण के लिए पहुंची। अचानक वहां एकत्र भीड़ ने पथराव कर दिया और जेसीबी भी तोड़ दी। कुछ देर तक सरकारी कार्रवाई रुक गई। इस बीच, अतिरिक्त फोर्स बुला लिया गया। अतिरक्त फोर्स पहुंचने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसी बीच, भीड़ ने दोबारा पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए उपद्रवी भीड़ को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद उपद्रवियों ने अन्य स्थानों पर भी बवाल शुरू कर दिया।
शाम होते हुए बवालियों की भीड़ ने पुलिस और नगर निगम के वाहनों को फूंक दिया। प्रशासन और पुलिस हालात पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। नैनीताल जिले के साथ ही आसपास के अन्य जिलों से भी पुलिस और पीएसी को हल्द्वानी बुला लिया गया है। हालांकि, देर शाम तक हालात बेकाबू बने थे।

