सचिवालय कर्मचारी कल्याण कोष के गठन के लिए 30 लाख रूपये देगी सरकार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में सचिवालय कर्मचारी कल्याण कोष के गठन के लिए 30 लाख रूपये की धनराशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने सचिवालय में विजिटर रूम के निर्माण और चाइल्ड केयर लीव की व्यवस्था पूर्ववतः बनाए रखने का भी आश्वासन दिया।
सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को मुख्यमंत्री ने दिलाई शपथ
शुक्रवार शाम सचिवालय परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील लखेड़ा, उपाध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली, महासचिव राकेश जोशी समेत कार्यकारिणी को शपथ दिलाने के साथ ही शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान सचिवालय संघ में अधिकांश निर्वाचित पदाधिकारी व सदस्य उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी रहे हैं। जिन लोगों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया, उन लोगों को इस राज्य के विकास व दूरदराज के आम जनमानस की चिंता होगी, ऐसा उनका विश्वास है। उन्होंने कहा कि बड़े सघर्षों के बाद उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ है। हमें जन सेवा का भाव सदैव अपने मन में लाना होगा। जन संतुष्टि का सदैव हमारा प्रयास रहना चाहिए।
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सचिवालय कर्मियों की भी जिम्मेदारीः धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सचिवालय कि सचिवालय के प्रति प्रदेश की जनता की बड़ी अपेक्षाएं रहती हैं। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है। हम सब सरकार के अंग है तथा राज्य का विकास हमारा लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय प्रदेश में सुशासन की नींव है। यहीं से प्रदेश के भविष्य के लिए फैसले लिए जाते हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन होता है। संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर समाज के अंतिम पक्ति में खड़े व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाने में कर्मचारियों की बड़ी भूमिका होती है। संवेदनशील, पारदर्शी व जवाबदेह सुशासन राज्य सरकार का मुख्य ध्येय है। इस ध्येय की प्राप्ति में अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
संघ की ओर से अध्यक्ष सुनील लखेड़ा ने आपदा राहत कोष के लिए सीएम को सौंपा 1.82 लाख का कोष
समारोह में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व आनंद वर्धन ने भी सचिवालय संघ के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। संघ के अध्यक्ष सुनील लखेड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 1.82 लाख रूपये का चेक भेंट किया।

