कांग्रेस के लिए टिहरी में जोत सिंह गुनसोला और पौड़ी में गणेश गोदियाल संभालेंगे मोर्चा, अल्मोड़ा के मैदान में प्रदीप टम्टा
देहरादून। कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में उत्तराखंड की तीन लोकसभा सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। टिहरी से जोत सिंह गुनसोला और पौड़ी से गणेश गोदियाल को टिकट दिया गया है। अल्मोड़ा में प्रदीप टम्टा मोर्चा संभालेंगे।

भाजपा हरिद्वार और पौड़ी को छोड़ कर बाकी सीटों पर पहले ही प्रताशी घोषित कर चुकी। कांग्रेस ने भी अब तीन सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने टिहरी पर भाजपा की मौजूदा सांसद व उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह के सामने जोत सिंह गुनसोला को चेहरा बनाया है। गुनसोला मसूरी से दो बार (2002 व 2007) विधायक रहे हैं। विधायकी से पहले वे वर्षों तक मसूरी नगर पालिका के अध्यक्ष भी रहे।
बेहद ईमानदार और स्वच्छ छवि के गुनसोला कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। वे बीसीसीआई की उत्तराखंड इकाई, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के स्थापना के वक्त से ही अध्यक्ष हैं। गुनसोला रामलीलाओं में अपने किरदारों के लिए भी काफी लोकप्रिय रहे हैं।

पौड़ी से उम्मीदवार बनाए गए गणेश गोदियाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वे की पहली निर्वाचित विधानसभा में कांग्रेस के टिकट पर विधायक भी रहे हैं। स्वच्छ छवि के नेता गणेश गोदियाल क्षेत्र में सामाजिक तौर पर भी काफी सक्रिय रहे हैं। वहीं, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद व प्रत्याशी अजय टम्टा के मुकाबले कांग्रेस ने प्रदीप टम्टा को मैदान में उतारा है। प्रदीप टम्टा साल-2009 में कांग्रेस के टिकट पर इस सीट से सांसद चुने गए थे। वे राज्यसभा सदस्य भी रहे हैं।

