देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव 27 को, 16 को भरे जायेंगे पर्चे, 28 को घोषित होगा परिणाम
देहरादून। बार एसोसिएशन देहरादून के वार्षिक चुनाव (2024-25) का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। बार की नई कार्यकारिणी के विभिन्न पदों के लिए 16 फरवरी को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। मतदान 27 फरवरी को होगा, जबकि 28 फरवरी को मतपत्रों की गिनती के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

बार एसोसिएशन के निर्वाचन अधिकारी एलबी गुरुंग, दीपक अहलूवालिया व एसएस मेहरा की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 14 और 15 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन फार्मों का वितरण होगा। 16 फरवरी को पर्चे दाखिल किए जाएंगे। 17 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी।
इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। मतदान 27 फरवरी को सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 28 फरवरी को सुबह 10 बजे से परिणाम आने तक चलेगी। चुनाव प्रधान, उप प्रधान, सचिव, सह-सचिव, पुस्तकालय अध्यक्ष, ऑडिटर और पांच कार्यकारिणी सदस्य के लिए होना है।

