उत्तराखंडअपराधराजधानीविविध

रेसकोर्स में विधायक निवास के बाहर फ्लैट में किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत, सड़क से सदन तक हंगामा, हत्या और पोक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी के रेसकोर्स स्थित फ्लैट में किशोरी का शव संदिग्ध हालात में मिलने पर बवाल हो गया। ऐन विधायक निवास (एमएलए ट्रांजिट हॉस्टल) के बाहर स्थित फ्लैट में घटित मामला सड़क से लेकर सदन तक गूंजा। आरोप है कि उक्त फ्लैट में घर का काम करने वाली किशोरी (मेड) का शव वीरवार सुबह बाथरूम में फांसी पर लटका मिला। मामले की जानकारी मिलते ही किशोरी के परिजन और आसपास के लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंचे और फ्लैट स्वामी पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर धरना-प्रदर्शन किया। कुछ लोगों ने घर में घुसकर आरोपी परिवार के सदस्य की पिटाई कर दी। मौके पर काफी संख्या में पुलिस हालात को काबू करने के लिए तैनात कर दी गई। राज्य महिला आयोग ने भी पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी समेत एक अज्ञात के खिलाफ हत्या और पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

हत्या का आरोप लगा लोगों ने फ्लैट के बाहर किया प्रदर्शन, घर में घुसकर आरोपी परिवार के सदस्य को पीटा

घटनाक्रम के अनुसार, वीरवार सुबह रेसकोर्स क्षेत्र में कार्य करने वाली किसी महिला को जानकारी हुई कि विधायक हॉस्टल के नजदीक स्थित लूथरा परिवार के फ्लैट में घरेलू कामकाज करने वाली किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस पर उक्त महिला ने आसपास के लोगों और किशोरी के परिजनों को सूचना दी। दोपहर तक यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और किशोरी के परिजनों समेत काफी संख्या में लोग उक्त फ्लैट के बाहर एकत्र हो गए, जहां वह किशोरी की मौत हुई। मूलरूप से बिहार निवासी किशोरी रेसकोर्स से सटे एक इलाके की रहने वाली थी। इस बीच, काफी संख्या में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किशोरी के परिजनों व लोगों का आरोप था कि उसका शव वीरवार सुबह वॉशरूम में फंदे से लटका मिला, लेकिन फ्लैट स्वामी ने उसके परिजनों या पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसके शव को अस्पताल पहुंचा दिया। बताया गया कि 14-15 वर्षीय किशोरी दो दिन पहले घर गई थी, लेकिन बुधवार रात घर नहीं आई। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। इसी बीच, कुछ महिलाएं आरोपी के फ्लैट में घुस गईं और वहां मारपीट कर दी। उनका आरोप था कि किशोरी की स्वाभाविक मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई।

पक्ष-विपक्ष के विधायक पहुंचे मौके पर, विधानसभा में उठाया मुद्दा, महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

इस बीच, घटना की जानकारी मिलने पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह और क्षेत्रीय भाजपा विधायक विनोद चमोली समेत कई विधायक मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने आक्रोशित लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं, अपराह्न विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सदन में इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा बताते हुए चर्चा की मांग की। बाद में कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर सदन से बर्हिगमन भी किया। वहीं दूसरी ओर, राज्य महिला आयोग ने भी इस पूरे घटनाक्रम का तत्काल स्वत: संज्ञान लेते हुए एसएसपी को इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बाल श्रम करवाने के मामले में भी आरोपी पक्ष और किशोरी के परिवार पर कार्रवाई करने को कहा। विधानसभा में मामला गूंजने और महिला आयोग के संज्ञान लेने के बाद शाम सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसएसपी अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे।

पीएम रिपोर्ट में ‘सेक्सुअल एसॉल्ट’ और बाहरी चोटों से इनकार, मौत की वजह ‘सुसाइडल हैंगिंग’ बताई

वीरवार रात पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इस पूरे मामले में किसी तरह के ‘सेक्सुअल एसॉल्ट’ अथवा बाहरी चोटों की बात से इनकार किया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला डॉक्टर समेत तीन डॉक्टरों के पैनल से किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें मृत्यु का कारण ‘सुसाइडल हैंगिंग’ पाया गया है। डॉक्टरों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, किशोरी के फांसी लगाने की सूचना पूर्वाह्न 11:25 बजे रेसकोर्स के डी-92 स्थित फ्लैट-1 निवासी अभिषेक लूथरा ने अपने पिता के साथ आकर नेहरू कॉलोनी फव्वारा चौक स्थित चौकी को दी।

पुलिस ने लूथरा दंपति के साथ ही अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, सीसीटीवी फुटेज में बाथरूम में जाती दिखी किशोरी

पुलिस के अनुसार, मृत किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में धारा-302, 323, 354, 342 और 7/8 पोक्सो एक्ट के साथ ही 3 (क)/4 बाल श्रम प्रतिशेध अधिनियम-1986 के तहत अभिषेक उर्फ राजा लूथरा, उसकी पत्नी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घर से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर किशोरी सुबह 9:27 बजे के आसपास स्टूल लेकर बाथरूम की ओर जाती दिखाई दी। 10:19 बजे अभिषेक लूथरा समेत 4-5 लोग किशोरी को खोजते हुए बाथरूम की ओर जाते दिखाई दिए, जो उसे बाथरूम से बाहर लाकर सीपीआर देने की कोशिश करते दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *