दुर्घटनाआदेश-निर्देशउत्तराखंडराजकाजराजधानी

सड़क सुरक्षा के मामले में सख्त हुए सीएम, दुर्घटनाएं रोकने को प्रभावी प्रयास करने को कहा

देहरादून। मंगलवार को आयोजित सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य के सभी चिह्नित मार्गों पर क्रैश बैरियर का काम पूरी गुणवत्ता के साथ चारधाम यात्रा से पहले पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने ब्लैक स्पॉट पर नियमित रूप से रोड सेफ्टी ऑडिट करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राज्य के पर्यटक स्थलों के आसपास वाहनों की पार्किंग वाले स्थानों पर वाहन चालकों के लिए डोरमेट्री की व्यवस्था करने को भी कहा। सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत बिना लाइसेंस के वाहन चलाने, नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कारवाई के लिए भी उन्होंने कहा।

क्रैश बैरियर कार्यों की धीमी गति से नाराज़ सीएम बोले, लापरवाही नहीं होगी माफ

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कारणों से सड़क दुघर्टनाएं अधिक हो रही हैं, इनको रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। चिह्नित मार्गों पर क्रैश बैरियर के कार्यों की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जन सुरक्षा से संबधित ऐसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिलों में जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं और वे अभी तक चिह्नित नहीं हुए हैं, सभी डीएम जल्द ही ऐसे स्थलों को चिह्नित कर लें।

सड़कों के किनारे अतिक्रमण रोकने को पुलिस और प्रशासन को निरंतर अभियान चलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को सड़कों के किनारे हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के साथ ही संबंधित विभागों को भी सघन अभियान चलाने को कहा गया है। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से यातायात प्रबंधन के लिए लगाए गए कैमरों का उनका इंटीग्रेशन करने को भी कहा।

अब तक 165 ब्लैक स्पॉट चिह्नित, 129 का किया गया सुधार

बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में 165 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से 129 का सुधार किया गया है और 29 के सुधार की कार्रवाई की जा रही है। 43 ब्लैक स्पॉट ऐसे हैं, जहां सुधार करने के बाद कोई दुर्घटना नहीं हुई। सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा पर आधारित 52 हजार पुस्तकें शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराई हैं। जिलों में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्कों की स्थापना की जा रही है। पुलिस की ओर से ट्रैफिक आई एप के माध्यम से जागरूकता, ट्रैफिक कार्टून बुक्स व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

  बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व आनंद बर्द्धन, डीजीपी अभिनव कुमार, सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, रविनाथ रमन, एचसी सेमवाल, सचिव व गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *