आपदा प्रबंधनऑपरेशंसदुर्घटना

कर्णप्रयाग क्षेत्र के सिमली-सलेश्वर मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो गंभीर

कर्णप्रयाग। सिमली-सलेश्वर मोटर मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए।

घटना कर्णप्रयाग क्षेत्रांतर्गत मंगलवार रात हुई। सिमलट और कनोठ गांव निवासी तीन व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार (यूके 11टीए 3050) में सवार होकर सिमली से ग्राम सिमलट की ओर जा रहे थे। सिमली-सलेश्वर मार्ग पर कार चला रहा व्यक्ति अचानक नियंत्रण खो बैठा और वाहन कई मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना पर कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया। इस पर मदद के लिए एसडीआरएफ को बुलाया गया। चमोली कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कुलदीपक पांडेय रेस्क्यू टीम लेकर दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों के साथ मिलकर देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सबसे पहले दो घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचवाया। एक व्यक्ति की तब तक मृत्यु हो चुकी थी। उसके शव को भी निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया। एसडीआरएफ के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम सिमलट पोस्ट कनोठ थाना कर्णप्रयाग निवासी 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र प्रेमलाल के तौर पर हुई है। घायलों में 40 वर्षीय संतोष चौहान पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट कनोठ, थाना कर्णप्रयाग और 42 वर्षीय आशीष कंडवाल पुत्र चक्रधर कंडवाल ग्राम सिमलट पोस्ट कनोठ कर्णप्रयाग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *