भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचेंगे राज्यसभा, बलूनी को नहीं मिला वापसी का टिकट
देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को टिकट दिया है। मौजूदा राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी को दोबारा वापसी का टिकट नहीं मिला। पार्टी ने नए चेहरे को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। महेंद्र भट्ट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैंप के माने जाते हैं। ऐसे में यह माना जा रहा है कि उन्हें टिकट दिलवाने में मुख्यमंत्री धामी की सुनी गई।
भाजपा ने नई दिल्ली में रविवार देर शाम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार से रिक्त हो रही राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए प्रताशियों के नामों की घोषणा की। उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट को टिकट दिया गया है। वे अनिल बलूनी का स्थान लेंगे। बलूनी का कार्यकाल पूरा होने से यह सीट रिक्त हो रही है। उत्तराखंड की रिक्त सीट पर भी 27 फरवरी को मतदान होना है। 15 फरवरी तक पर्चे भरे जा सकेंगे। भट्ट का राज्यसभा में पहुंचना तय है और चुनाव औपचारिकता भर है।

