उत्तराखंड के लिए बड़ी खुशखबरीः जहूर आलम समेत सात हस्तियों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार
देहरादून। उत्तराखंड के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रख्यात रंगकर्मी और जनगीतकार जहूर आलम समेत कला के क्षेत्र में सक्रिय प्रदेश की सात हस्तियों को संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली ने राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना है।

इनमें से साल-2022 के लिए तीन और साल-2023 के लिए चार हस्तियों को यह पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। अगले सप्ताह नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यह पुरस्कार प्रदान करेंगी।
वर्ष-2022 और 2023 के लिए अकादमी रत्न, अकादमी पुरस्कार और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार

संगीत नाटक अकादमी की ओर से नई दिल्ली में वर्ष-2022 और वर्ष-2023 के लिए फैलोशिप (अकादमी रत्न) और पुरस्कारों (अकादमी पुरस्कार) के साथ ही उत्साद बिस्मिलाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

अकादमी के सचिव राजू दास की ओर से जारी सूची में 6 हस्तियों को अकादमी फैलोशिप और 92 को अकादमी पुरस्कारों के लिए चुना गया हैं। इसके साथ ही 80 युवा कलाकारों को उत्साद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए चुना गया है। युवा पुरस्कार में 25 हजार रूपये की राशि, तामपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किए जाते हैं। अकादमी अध्यक्ष इन पुरस्कारों को प्रदान करते हैं।
अकादमी अध्यक्ष देंगे युवा पुरस्कार, अकादमी रत्न और अकादमी पुरस्कार राष्ट्रपति करेंगी प्रदान

वहीं, 1952 से प्रदान किए जा रहे अकादमी पुरस्कारों के तहत अकादमी फैलो को 3 लाख रूपये और अकादमी पुरस्कार के लिए तामपत्र व अंगवस्त्रम के साथ 1 लाख रूपये की नकद राशि दी जाती है। संगीत नाटक अकादमी फैलोशिप और पुरस्कार राष्ट्रपति के हाथों प्राप्त होता है।
उत्तराखंड से साल-2023 के लिए इन हस्तियों का हुआ है चयन
राज्य से वर्ष-2023 के लिए नैनीताल निवासी जहूर आलम को रंगमंच (थियेटर) निर्देशन के लिए रूद्रप्रयाग निवासी डॉ. राकेश भट्ट को लोक रंगमंच के लिए गायन के क्षेत्र में अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया है। साल-2023 का उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार चमोली निवासी पुनीत डिमरी और अमित खंडूरी को संयुक्त रूप से देने की घोषणा की गई है। उन्हें यह पुरस्कार थियेटर (संस्कृत व गढ़वाली रामलीला) के लिए प्रदान किया जा रहा है।
वर्ष-2022 के लिए राज्य की इन प्रतिभाओं को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार

इसी तरह साल-2022 के लिए अकादमी ने अल्मोड़ा निवासी डॉ. लता तिवारी को शास्त्रीय लोकगायन, बागेश्वर निवासी डॉ. संजय पांडे को लोकसंगीत-गायन और देहरादून निवासी पार्थो राय चौधरी को शास्त्रीय ताल वादन-संतूर के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार देने की घोषणा की है।
