अब तक के सभी रिकॉर्ड धवस्त, आधा करोड़ से ज्यादा यात्री पहुंचे चारधाम
देहरादून। इस वर्ष चारधाम पहुंचने वाले यात्रियों का आंकड़ा आधा करोड़ से पार पहुंच गया है। पूर्व के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। यह तब है, जबकि जुलाई-अगस्त में मानसूनी सीजन के दौरान अतिवृष्टि ने कई बार बाधाएं उत्पन्न कीं।

बदरीनाथ-केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अगले कुछ हफ्तों में शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। ऐसे में यात्रा अब विराम की ओर है। कपाट खुलने के बाद से इस बार चारोंधाम में यात्रियों की रिकॉडतोड़ आमद हुई है। सरकार का मानना है कि यात्रियों की संख्या में हर साल हो रही वृद्धि के पीछे ऑल वेदर रोड और कुशल प्रबंधन मुख्य वजह है। 27 दिसंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑल वेदर रोड की आधारशिला रखकर उत्तराखंड में बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य चारोंधाम, बदरीनाथ-केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री के लिए हर मौसम में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है।
अभी और बढेगा आंकड़ा, पिछले साल आए थे 46.27 लाख यात्री
सरकारी तौर पर पिछले तीन वर्षों के आंकड़े जारी करते हुए बताया गया है कि साल-2021 में केवल 5.18 लाख यात्रियों ने चारधाम यात्रा की। उस वर्ष कोविड के चलते यात्रा बुरी तरह बाधित हुई थी। कोविडकाल की समाप्ति के बाद पिछले वर्ष यानी-2022 में 46.27 लाख यात्री चारधाम पहुंचे। इस सब के विपरीत इस साल 16 अक्तूबर तक 50.12 लाख लोग चारधाम यात्रा कर चुके थे। अभी यह संख्या और बढ़ेगी, क्योंकि कपाट बंद होने में कुछ हफ्ते शेष हैं।

