दुर्घटनाउत्तराखंड

टिहरी में खाड़ी के पास बुलंदशहर के कांवड़ियों का ट्रक पलटा, तीन की मौत, 15 घायल

देहरादून। टिहरी जिले में ऋषिकेश-गंगोत्री नेशनल हाइवे पर बुधवार सुबह खाड़ी के नजदीक कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक पलटकर खाई में लटक गया। इस दुर्घटना में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नरेंद्रनगर अस्पताल और ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर टिहरी की डीएम नीतिका खंडेलवाल भी मौके पर पहुंचीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में तीन कांवड़ियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

दुर्घटना सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास खाड़ी से करीब दो किलोमीटर आगे जाजल की ओर हुई। शिवशक्ति कांवड़ सेवा ट्रस्ट सिकंदराबाद  बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) से जुड़े सभी कांवड़िए ऋषिकेश से गंगोत्री की ओर जा रहे थे। वीरवार 3 जुलाई को ट्रस्ट की ओर से गंगोत्री मार्ग पर धराली (उत्तरकाशी) में आठवां वार्षिक भंडारा प्रस्तावित था, जिसके लिए वे धराली जा रहे थे। ताछला क्षेत्र में उनका ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे पलट गया। उल्टे ट्रक का काफी हिस्सा खाई में लटक गया। इस दुर्घटना में कुछ कांवड़िए ट्रक के नीचे दब गए।

हाइवे से गुजर रहे वाहन सवारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और खुद घायलों को निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही जाजल चौकी से पुलिस, प्राथमिक स्वास्थ्य के केंद्र फ़कोट व नरेंद्रनगर हॉस्पिटल से एंबुलेंस और ढालवाला से एसडीआरएफ को मौके के लिए रवाना किया गया।

रेस्क्यू टीमों ने लोगों की मदद से सभी घायल कांवड़ियों को निकल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फ़कोट भिजवाया, जहां एक कांवड़िए को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य दो कांवड़ियों की मौत उपचार के दौरान हो गई। 15 घायलों में से चार को गंभीरावस्था में ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। अन्य का नरेंद्र नगर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *