सीएम ने पीएम से जोशीमठ के लिए मांगा 2 हजार 943 करोड़ का पैकेज
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोमवार को शिष्टाचार भेंट की। धामी ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में भूधंसाव से प्रभावितों को राहत और विस्थापन कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि हालात से निपटने के लिए करीब 2 हजार 943 करोड़ की आवश्यकता है। उक्त पैकेज में प्रभावितों को अस्स्थायी राहत व आवास व्यवस्था के लिए 150 प्री-फॅब्रिकेटेड घरों का निर्माण, साइट डेवलपमेंट कार्य, प्रभावित भत्ता प्रमुख है। इसमें आवासीय व व्यवसायिक अवसंरचनाओं के मुआवजे, असुरक्षित जोन में आने वाले परिवारों की जमीनों के मुआवजे, प्रभावित व्यक्तियों के स्थायी पुनर्वास, भूमि के अधिग्रहण व विकास और प्रभावित विभागीय अवसंरचनाओं की मरम्मत व पुनर्स्थापना का कार्य सम्मिलित है। जोशीमठ के स्थरीकरण और पुनर्विकास का कार्य भी किया जाना है।
हरिद्वार से वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेन संचालन का आग्रह
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर स्थापित किया है, जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर भूमि धसाव सुधार व प्रबंधन पर सलाह देगा। सेंटर ने जोशीमठ में कार्य आरंभ कर दिया है, इसके स्तर से भू-धसाव प्रभावित क्षेत्र, आपदा प्रभावित जोखिम क्षेत्र का रोडमैप तैयार कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से जमरानी बांध परियोजना की वित्तीय स्वीकृति आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी से भी कराने और हरिद्वार से वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का भी किया।

मोदी को चारधाम, आदि कैलाश और मायावती आश्रम आने का आमंत्रण
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम आने के लिए आमंत्रित किया। लगभग एक घंटे तक चली बैठक में धामी ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करने के साथ ही प्रधानमंत्री को मुनस्यारी की शॉल, उत्तराखंड में जी-20 के सफल आयोजन की कॉफी टेबल बुक, एक साल-नई मिसाल की कॉफी टेबल बुक, मिलेट व जागेश्वर धाम की प्रतिकृति भेंट की।

