राजधानी

एक साल पूरा होने पर सीएम ने देहरादून को दी सिटी पार्क की सौगात, राज्य के लिए भी खोला पिटारा

देहरादून। राज्य सरकार के एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर वीरवार को प्रदेशभर में सरकार की एक साल की उपलब्धियों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेंजर्स कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘एक साल-नई मिसाल’ का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने सहस्त्रधारा रोड पर ग्राम तरला नागल में 12.45 हेक्टेयर में बनने वाले लगभग 37 करोड़ रूपये की लागत के सिटी पार्क का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर कन्या पूजन करने के साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए बहुद्देशीय शिविर का भी अवलोकन किया। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, नगर निगम मेयर सुनील उनियाल गामा, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी समेत जिले के विधायक, शासन के अधिकारी व अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

प्रदेश के लिए मुख्यमंत्री की 16 महत्वपूर्ण घोषणाएं

  1.- राज्य में मुख्यमंत्री प्रतियोगी परीक्षार्थी परिवहन योजना शुरू की जायेगी। इसके तहत परीक्षाओं में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को आने-जाने के लिए परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 

 2.- कक्षा-6 से ही कंप्यूटर व सूचना प्रौद्योगिकी की शिक्षा दी जाएगी।  

  3.- राज्य के सभी 13 जनपदों में लैब ऑन व्हील्स (चलती-फिरती प्रयोगशाला) स्थापित की जाएंगी।   

  4.- उत्तराखंड राज्य को साइंस टेक्नोलॉजी एंड इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।

  5.- राज्य सरकार शीघ्र ही ‘साइंस और टेक्नोलॉजी इनोवेशन पॉलिसी’ लाएगी।  

  6.- हल्द्वानी गौलापार में स्थापित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को उच्चीकृत कर अंतरराष्ट्रीय मानकों का खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। 

  7.- राज्य में काश्तकारों को सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री औद्यानिकीकरण योजना आरंभ की जाएगी। 

  8.- पशुपालकों को सहयोग देने के मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन प्रारम्भ किया जाएगा। 

  9.- राज्य में मुख्यमंत्री कौशल विकास एवं रोजगार योजना प्रारम्भ की जाएगी। इसमें स्नातक पास छात्र एवं छात्राओं को आवश्यक रूप से दक्ष बनाया जाएगा।  

  10.- राज्य के ऐसे गांव, जिनकी आबादी 250 से अधिक है, उनको मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की जाएगी।

  11.- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उपलब्धता एवं उपयुक्तता के आधार पर एक-एक अमृत सरोवर को पर्यटक स्थल व  वाटर स्पोर्टस के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। 

  12.- जिला सेवायोजन एवं कौशल विकास कार्यालय को स्वरोजगार केंद्र के नोडल कार्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। 

  13.- श्रमिकों के बच्चों को भी उचित स्कूली शिक्षा मिल सके इसके लिए राज्य सरकार मोबाईल स्कूल शुरू करेगी।

  14.- दिवालीखाल से गैरसैंण तक मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।

   15.- लोकतंत्र सेनानी की मृत्यु होने पर उनकी पेंशन उनकी विधवा पत्नी को दी जाएगी। 

   16.- उत्तराखंड के लोकपर्वों उत्तरायणी, फूलदेई, हरेला, ईगास, बूढ़ीदिवाली आदि को व्यापक पहचान दिलाने और पूर्ण श्रद्धा व उल्लास के साथ ममानेके लिए समेकित नीति बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *