उल्लास के साथ मनाया जा रहा उत्तराखंड का स्थापना दिवस, मोदी, शाह और राहुल ने दी राज्यवासियों को शुभकामनाएं
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 23वीं वर्षगांठ वीरवार को प्रदेशभर में उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राज्य निर्माण में उनके योगदान को नमन किया गया। साथ ही स्कूली बच्चे और स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हुईं शामिल, चार विभूतियों को किया सम्मानित, प्रदेशवासियों को दी बधाई
उत्तराखंड के 24वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह राजधानी देहरादून स्थित पुलिस लाइन में चल रहा है, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई। इस अवसर पर उन्होंने पद्मश्री माधुरी बर्त्वाल के साथ ही सचिदानंद भारती, बसंती बिष्ट और राजेंद्र बिष्ट को अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ प्रदान किया। अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रदेशवासियों को स्थपना दिवस की बधाई दी।
मनोहारी झांकियों और कलाकारों ने प्रस्तुत की राज्य की प्रगति और संस्कृति की झलक

इससे पूर्व उन्होंने पुलिस की रैतिक परेड की सलामी ली। मैदान पर सूचना विभाग, संस्कृति विभाग, उद्योग विभाग व कृषि विभाग समेत विभिन्न महकमों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिनमें उत्तराखंड की प्रगति और यहां के सामाजिक-सांस्कृतिक व आध्यात्मिक पहलुओं को समाविष्ट किया गया। नंदा राजजात समेत विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति भी कलाकारों की ओर से मैदान पर दीं। इस दौरान राष्ट्रपति भी मंत्रमुुग्ध रहीं और तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
धामी ने की ‘मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना’ शुरू करने की घोषणा, शहीदों को किया नमन
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी राज्यवासियों को अपने संबोधन में स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए ‘मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना’ आरंभ करने समेत विभिन्न घोषणाएं कीं। समारोह में शासन-प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोहराया कि आंदोलनकारियों के कठिन परिश्रम, प्रयासों, दृढ़ इच्छाशक्ति, संकल्प से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ।
राज्य सरकार शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।इस बीच, कलक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारियों ने पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। यहां उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से वृह्द आयोजन किया जा रहा है।
भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में देवभूमि का अमूल्य योगदानः प्रधानमंत्री
राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने उत्तराखंडवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हेंडल पर लिखा है, ‘भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में देवभूमि उत्तराखंड का अमूल्य योगदान है। प्राकृतिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध इस प्रदेश के मेरे सभी परिवारजन अत्यंत परिश्रमी होने के साथ-साथ बेहद पराक्रमी भी हैं। आज राज्य के स्थापना दिवस पर उन्हें मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’
प्राकृतिक सौंदर्य और अध्यात्म की पावन धरा है उत्तराखंडः गृहमंत्री
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, ‘प्राकृतिक सौंदर्य और अध्यात्म की पावन धरा उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मोदीजी के मार्गदर्शन में श्रीपुष्कर सिंह धामी की सरकार देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति और जनता के कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापति कर रही है। मैं प्रदेश की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूं।’

प्राकृतिक सुंदरता और अद्भुत सभ्यता से संपन्न है देवभूमिः कांग्रेस सांसद
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उत्तराखंडवासियों को शुभकामनाएं दी है। एक्स पर राज्य के नक्शे के बीच केदारनाथ धाम के चित्र के साथ पोस्ट संदेश में राहुल ने लिखा, ‘प्राकृतिक सुंदरता और अद्भुत सभ्यता से संपन्न, देवभूमि उत्तराखंड भारत की विविधता का अभिन्न अंग है। उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।’

