Wednesday, November 11, 2026
Latest:
उत्तराखंडकॅरियर समाचारज्ञानपथ

मुख्यमंत्री ने सहायक अध्यापक पद पर 129 सफल अभ्यर्थियों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र

देहरादून। सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण में बुधवार को 129 सफल अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक (एलटी) के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई। ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए। पहले चरण में 880 को सहायक अध्यापक के तौर पर नियुक्ति प्रदान की गई थी। मुख्यमंत्री ने शुभकामना देते हुए कहा कि नियुक्ति पाने वाले सभी शिक्षकों पर भविष्य के कर्णधारों को तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी है। सभी अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ऊर्जा व नवाचार के साथ कार्य करें। जन सेवा करने का जो मौका मिला है, ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इस कानून के लागू होने के बाद से अभी तक साढ़े पांच लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रतियोगी परिक्षाओं में भाग ले चुके हैं। सभी परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ पूर्ण की जा रही हैं।

 
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समारोह में कहा कि सहायक अध्यापकों की नियुक्ति होने से कई स्कूलों में अध्यापकों की कमी पूरी होगी। उन्होंने सभी चयनित शिक्षकों से कहा कि शुरूआती सालों में दुर्गम क्षेत्रों में सेवा जरूर करें। उन्होंने कहा कि सहायक अध्यापकों का अभी मंडल कैडर है। इसे स्टेट कैडर बनाने पर विचार किया जा रहा है। स्कूलों में जो गेस्ट फैकल्टी कार्य कर रहे हैं, उनकी जायज मांगे पूरी की जाएंगी। समारोह में सचिव (विद्यालयी शिक्षा) रविनाथ रमन, अपर सचिव रंजना राजगुरू, शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *