नहीं रहे मंत्री चंदनराम दास, राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक
बागेश्वर। प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार में परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री चंदनराम दास का बुधवार दोपहर निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में शोकस्वरूप राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने के साथ ही अवकाश घोषित कर दिया गया। राज्य में 28 अप्रैल तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
उत्तराखंड के अपेक्षाकृत चंद सहज-सरल नेताओं में शामिल रहे चंदनराम दास पिछले लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। बावजूद इसके, विगत रोज तक भी वे सार्वजनिक तौर पर सक्रिय रहे। बुधवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें बागेश्वर स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोपहर एक बजे के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली। बागेश्वर जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा भी बुधवार सुबह जिला मुख्यालय में ही थे। मंत्री चंदनराम दास के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही वे भी मौके पर पहुंच गए। निधन की सूचना मिलते ही जिले के अधिकारियों के साथ ही काफी संख्या में चंदनराम दास समर्थक अस्पताल और उनके आवास पर एकत्र हो गए।
छात्र राजनीति से अपनी शुरूआत करने वाले चंदनराम दास पहली बार 1997 में बतौर निर्दलीय बागेश्वर के पालिकाध्यक्ष चुने गए। साल-2007 में वे बागेश्वर से पहली बार उत्तराखंड विधानसभा के सदस्य चुने गए। उनका यह वियज अभियान वर्ष-2012, वर्ष-2017 और वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव में भी जारी रहा। पिछले साल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल में परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण समेत कई अहम मंत्रालयों का जिम्मा सौंपा।

