पहाड़ी दरकने से फंसे आदि कैलाश से लौट रहे 40 यात्री, एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला
पिथौरागढ़। धारचूला तहसील क्षेत्रांतर्गत कैलाश-मानसरोवर यात्रा रूट पर पहाड़ी का काफी हिस्सा दरकने से 40 यात्री फंस गए। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर धारचूला स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम के अतिथि गृह पहुंचा दिया है।
गर्भधार के नजदीक पिछले एक सप्ताह से भूस्खलन हो रहा है। यहां पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरकने से 40 यात्री दूसरी ओर फंस गए। ये यात्री आदि कैलाश की यात्रा कर लौट रहे थे। वीरवार को धारचूला के एसडीएम ने इन यात्रियों की सुरक्षित निकासी के लिए एसडीआरएफ से मदद मांगी। इस पर नजदीकी पोस्ट से मुख्य आरक्षी नवीन कुमार के साथ रेस्क्यू उपकरणों समेत एक टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
एसडीआरएफ टीम ने मौके पर देखा कि पहाड़ी से अब भी लगातार पत्थर गिर रहे हैं। भूस्खलन के कारण मार्ग बंद है, जिसे खोलने में काफी समय लगना था। ऐसे में रेस्क्यू टीम मौसम के करवट लेने से पूर्व ही बिना समय गंवाए सभी फंसे हुए 40 यात्रियों को नदी किनारे से रोप की मदद से सुरक्षित निकलने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को धारचूला पहुंचा दिया गया। यात्रियों में बुज़ुर्ग व महिलाएं भी शामिल थीं।

