पशुपालन मंत्री ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया
रुद्रप्रयाग। पशुपालन एवं सेवायोजन मंत्री व जिले के प्रभारी सौरभ बहुगुणा ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से जंगलचट्टी लगभग 5 किलोमीटर पैदल चलकर तीर्थ यात्रियों और घोड़ा खच्चरों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बहुगुणा ने यात्रियों से वार्ता की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने यात्री शेड, पैदल मार्ग के खड़ंजे, शौचालयों व पेयजल व्यवस्था के साथ ही खच्चरों के लिए बनाए गए घोड़ा पड़ाव, सादे व गरम पानी की चारियों का भी निरीक्षण किया।
मंत्री ने घोड़ा खच्चर संचालकों से भी वार्ता की। यात्रा में आ रही कठिनाइयों और यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए सुझाव मांगे। इस दौरान उनके साथ रुद्रप्रयाग के डीएम मयूर दीक्षित, एसपी विशाखा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

