धारी देवी के पास पलटी बस, राजस्थान के सभी 31 यात्री बालबाल बचे
श्रीनगर। पौड़ी गढ़वाल जिले में श्रद्धालुओं से भरी बस सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में बस सवार राजस्थान के सभी 31 यात्री बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरवार दोपहर बदरीनाथ धाम से दर्शन कर ऋषिकेश लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस (आरजे27टीबी 3699) ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होने के कारण श्रीकोट व धारी देवी के बीच चमधार के पास सड़क पर पलट गई। सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, इस समय तक ज्यादातर यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बस से निकाला जा चुका था।
एसडीआरएफ के अनुसार, ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क पर ही पलटा दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। बस में 31 यात्री सवार थे, जिनमें से 4-5 लोगों को प्राथमिक उपचार देकर अग्रिम उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

