देहरादून-सहारनपुर और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के साथ मांगी नई ट्रेनें
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से राज्य में रेल सेवाओं के विस्तार की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। अपने नई दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की।

धामी ने रेल मंत्री से टनकपुर-देहरादून के बीच जनशताब्दी और दिल्ली- रामनगर के बीच शताब्दी एक्सप्रेस शुरू करने का आग्रह किया। साथ ही देहरादून से सहारनपुर को वाया मोहंड जोड़ने के लिए टनल आधारित रेल लाइन परियोजना और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजना का शीघ्र परीक्षण कराकर इसके निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से किच्छा-खटीमा नई रेल लाईन परियोजना की संपूर्ण लागत भारत सरकार की ओर से वहन करने, रामनगर-हरिद्वार -देहरादून सीधी रेल सेवा शुरू करने, हरिद्वार-वाराणसी के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की भी मांग की।

