डेलीगेशन के साथ लंदन पहुंचे धामी, एयरपोर्ट पर प्रवासी उत्तराखंडियों समेत भारतीय समुदाय ने किया स्वागत
लंदन/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चार दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर सोमवार को लंदन पहुंचे। एयरपोर्ट पर काफी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोगों समेत प्रवासी भारतीयों ने उत्तराखंड के लोक वाद्यों के साथ उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का डेलिगेशन 29 सितंबर तक ब्रिटेन दौरे पर रहेगा। राज्य सरकार का डेलिगेशन लंदन और बर्मिघम में दुनिया के बड़े बिजनेस हाउसेस से बैठक करेगा और उन्हें आगामी दिसंबर में उत्तराखंड में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए निमंत्रण देगा। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में लंदन और बर्मिघम दौरे पर टूरिज्म, आईटी, एजूकेशन, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग के अलावा ऑटोमोबिल इंडस्ट्री के औद्योगिक घरानों के साथ बैठकें की जाएंगी।

