टिहरी के गूलर-गजा मार्ग पर कार खाई में गिरने से दो सगे भाइयों की मौत, दो घायल
- टिहरी। नरेंद्रनगर ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत गूलर-गजा मार्ग पर सोमवार सुबह कार खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत दोनो युवक सगे भाई बताए जा रहे हैं।
- दुर्घटनाग्रस्त कार ऋषिकेश की ओर जा रही थी, जिसमें पट्टी दोगी के गूलर निवासी चार लोग सवार थे। मुनिकी रेती थानांतर्गत गूलर से करीब एक किलोमीटर आगे कार करीब दो सौ फीट नीचे कच्ची सड़क पर गिर गई। जिस जगह कर गिरी, वहां कंस्ट्रक्शन साइट होने के कारण मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने तत्काल अन्य ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में 32 वर्षीय विकास सिंह पुत्र सूरत सिंह निवासी गूलर, पट्टी दोगी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि, उसके गंभीर घायल भाई अमित पुत्र सूरत सिंह ने दोपहर ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गूलर निवासी मीनाक्षी पुत्री धनवीर और गिरधारी पुत्र नानक निवासी गूलर का एम्स में उपचार चल रहा था।

