चारधाम अपडेट

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा, सीएम ने की विशेष पूजा-अर्चना

 

 

उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के अवसर पर शनिवार को शुभ मुहूर्त पर विधि-विधान से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर और  यमुनोत्री धाम के कपाट 12 बजकर 41 मिनट पर खोले गए। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु गंगोत्री में मां गंगा और यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। आज पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।

गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने गंगोत्री धाम में प्रदेश और देशवासियों की मंगल कामना के साथ पूजा अर्चना की।  इससे पूर्व भैरों घाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह 8 बजे मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम पहुंची। जहां विधिविधान के साथ गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ और विशेष पूजा अर्चना के बाद सर्वाथ अमृत सिद्ध योग पर कपाट खोले गए।

वहीं दूसरी ओर, सुबह मुख्यमंत्री धामी ने यमुनाजी के शीतकालीन प्रवास खरसाली में पूजा अर्चना की। उसके बाद यमुनाजी की उत्सव डोली को शनि देव की अगुवाई में खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *