खरसाली से गंगाजी और ओंकारेश्वर से बाबा केदार की डोली धाम के लिए रवाना
उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग। शनिवार को अक्षय तृतीया के मौके पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। शुक्रवार को गंगाजी की डोली उनके मायके उत्तरकाशी के मुखबा गांव से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। डोली ने रात्रि विश्राम भैरोघाटी में किया। कपाट खुलने से पूर्व शनिवार को यमुनाजी की डोली भी शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम पहुंच जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, केदारनाथजी की चल-विग्रह उत्सव डोली भी शुक्रवार को धाम के लिए रवाना हुई। शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर से सैकड़ों श्रद्धालुओं के जयघोष और विधिवत पूजा अर्चना के बीच रवाना हुई। डोली ने रात्रि प्रवास गुप्तकाशी में किया। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुलेंगे।

