उत्तराखंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई रामनवनी, हुआ कन्या पूजन
देहरादून। वीरवार को रामनवमी पर कन्या पूजन और धार्मिक उल्लास के साथ ही चैत्र नवरात्र संपन्न हो गए। रामनवमी के अवसर पर लोगों ने कन्या पूजन कर व्रत का पारायण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास में सुबह पूजा-अर्चना के पश्चात कन्याओं को जिमाया। लोगों ने भी घरों में कन्या पूजन कर उन्हें प्रसाद खिलाया।

राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में लोगों ने रामनवमी आस्था के साथ मनाई। मंदिरों में सुबह से ही भजन-कीर्तन और रामायण व सुंदरकांड के पाठ हुए। कई जगह भंडारों और रामनवमी शोभायात्रा का भी आयोजन किया गया। देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।

